मसूरी। आज सुबह हुए भारी भूस्खलन के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर पूरी तरह बंद हो गया है। सडक़ बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार देर रात गलोगीधार में भारी भूस्खलन के बाद सडक़ पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आ गए थे। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग दो बजे मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू किया था। लेकिन कुछ घंटे बाद ही पानी वाले बैंड के पास हुए भूस्खलन ने इस मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। पानी वाले बैंड के पास सडक़ का एक हिस्सा बह जाने से यातायात एकदक ठप्प हो गया है। इस मार्ग के बंद होने के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई हैं और कई पर्यटक व स्थानीय लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर जुटी हुई है। सडक़ के बह चुके हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जा रहा है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने के साथ सडक़ को सुरक्षित तरीके से खोलने का काम किया जा रहा है। वहीं लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सडक़ खोलने के काम में भी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।







Leave a Comment