नैनीताल। भीमताल ब्लॉक के ज्योली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घास काटने जंगल गई 47 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी हेमा पांडेय (47) अन्य महिलाओं के साथ दोपहर में जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान झाॄडय़ों में छुपे गुलदार ने अचानक हेमा पर हमला कर दिया। गुलदार उन्हें पकडक़र घने जंगल की ओर घसीट ले गया। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
19 दिन के भीतर दूसरी घटना, लोगों में आक्रोश और भय का माहौल
इससे पूर्व भी 3 अप्रैल को सूर्या जाला गांव में गुलदार ने एक महिला को अपना शिकार बनाया था। 19 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है जब गुलदार ने एक और जान ले ली। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि लगातार हमलों के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिसके चलते गुलदार अब आबादी के करीब पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल पिंजरे लगाए जाएं और नियमित गश्त बढ़ाई जाए। लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







Leave a Comment