देहरादून। अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का सेवा विस्तार 31 मार्च को समाप्त हो रहा है।
बर्द्धन 1992 बैच के अधिकारी हैं। उत्तराखंड की नौकरशाही में बर्द्धन वर्तमान में सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वरिष्ठता के आधार पर उनके मुख्य सचिव बनने की पूरी संभावना है। आधिकारिक सूत्र भी बर्द्धन को मुख्य सचिव बनाए जाने की संभावना जता रहे हैं। वैसे बर्द्धन का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए भी सूचीबद्धता हो गई है। लेकिन बर्द्धन उत्तराखंड में रहकर ही अपनी सेवाएं देने के इच्छुक हैं। हालांकि उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए सूचीबद्ध होने पर उनके केंद्र जाने के कयास भी लगाए गए थे।

