हल्द्वानी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) परीक्षा में हल्द्वानी की बेटी वर्षा जोशी ने प्रदेश भर में दूसरी रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और नगरवासियों में खुशी की लहर है।
वर्षा जोशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बीयरशिवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी से प्राप्त की, जबकि स्नातक की पढ़ाई एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी से पूरी की। मूल रूप से बागेश्वर जिले की निवासी वर्षा ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
वर्षा के पिता केवलानंद जोशी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में उपनिरीक्षक (SI) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता दीपा जोशी गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग और अपने दृढ़ संकल्प के दम पर वर्षा ने प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को देते हुए वर्षा ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश दिया कि वे स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर धैर्य और अनुशासन के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सही रणनीति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत सफलता की कुंजी है।
वर्षा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।







Leave a Comment