रुद्रपुर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (जीबीपीयूएटी), पंतनगर ने प्रवेश परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। स्नातक, स्नातकोत्तर, एमसीए और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
स्नातक प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची में हरिद्वार के वासुदेव कृष्ण पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रामपुर के मोहम्मद कैफ दूसरे और नैनीताल की नीलम बेलवाल तीसरे स्थान पर रहीं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ए.के. उपाध्याय ने बताया कि स्नातक एवं एमसीए कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 7 जून, जबकि स्नातकोत्तर एवं पीएचडी कार्यक्रमों की परीक्षा 6 जून को उत्तराखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस वर्ष स्नातक परीक्षा में 7,358, स्नातकोत्तर में 867, एमसीए में 124 और पीएचडी में 436 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में रुद्रपुर की मानसी जोशी ने प्रथम, हल्द्वानी की प्रतिभा नागरकोटी ने द्वितीय तथा हरियाणा के विवेक शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं एमसीए प्रवेश परीक्षा में बरेली के प्रियांश भर्दवाल प्रथम, पिथौरागढ़ के गौरव जोशी द्वितीय और काशीपुर की कनिका तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में गुणवत्ता आधारित एवं पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रमाण है।







Leave a Comment