देहरादून। देहरादून पुलिस ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व आईएएस अधिकारी के बेटे यशवर्धन को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह खुद को गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था और इसी बहाने उनसे ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने ऊंचे सरकारी संपर्क और प्रभावशाली पहचान का झांसा देकर उससे करीब 4.5 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी वह लगातार और पैसे की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अलग-अलग मौकों पर अपनी पहचान बदलकर लोगों का विश्वास जीतता था। कभी वह स्वयं को गृह मंत्रालय का अधिकारी बताता, कभी रक्षा मंत्रालय से जुड़ा अधिकारी और कभी भारतीय सेना का वरिष्ठ अधिकारी होने का दावा करता था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पर होटलों में ठहरने के बाद बिल का भुगतान नहीं करने तथा कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के साथ धोखाधड़ी करने के भी आरोप हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सेना की वर्दी, बैज, कैप और वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन वस्तुओं का इस्तेमाल वह लोगों पर प्रभाव जमाने और अपनी फर्जी पहचान को विश्वसनीय बनाने के लिए करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य पीड़ितों के सामने आने की भी संभावना है।







Leave a Comment