हल्द्वानी। काठगोदाम-हल्द्वानी नगर के मेयर का चुनाव में भाजपा ने हैट्रिक लगाकर भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने 3894 मतों से जीत लिया। उन्हें 71,962 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के ललित जोशी को 68,068 वोट प्राप्त हुए। छ
23 जनवरी को हुए मतदान में नगर निगम क्षेत्र में 2 लाख 42 हजार 452 मतदाताओं में से 1 लाख 58 हजार 646 मतदाताओं ने वोट डाले थे। भाजपा प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट को पहले राउंड में 13,932 वोट मिलेए जबकि कांग्रेस के ललित जोशी को 12,769 मत प्राप्त हुए। दूसरे राउंड में गजराज को 13,269 व ललित को 14,092 वोट मिले।
तीसरे राउंड में भाजपा को 15,117 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 12,515 मत प्राप्त हुए। चौथे राउंड में गजराज सिंह बिष्ट को 14,727 व ललित जोशी को 11,572 वोट मिले। पांचवें राउंड में भाजपा को 12,341 और कांग्रेस को 15,202 वोट मिले। छठे व अंतिम राउंड में गजराज को 2,484 व ललित को 1,796 वोट मिले। गजराज ने इस चुनाव को 3894 मतों से जीतकर भाजपा को हैट्रिक दिला दी। गजराज को मिले 71,962 वोटों में पोस्टल बैलेट भी शामिल रहे।


