Report ring desk
देहरादून। यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे भाजपा विधायक महेश नेगी ने बुधवार देर शाम सीओ अनुज कुमार के दफ्तर पहुंच कर अपने बयान दर्ज कराए। वहीं विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला अपनी भाभी के साथ नेहरू कॉलोनी थाने पहुंची। यहां महिला दारोगा ने दोनों के बयान दर्ज किए। करीब डेढ़ घंटे चली पूछताछ में उससे पुलिस ने विधायक के संपर्क में आने और उन स्थानों के बारे में कई सवाल किए, जहां वह विधायक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा रही है।
बताया जाता है कि आरोपित महिला की तहरीर को भी विवेचना में शामिल कर लिया गया है। अब विधायक की पत्नी की ओर से लगाए गए ब्लैकमेलिंग के आरोप और आरोपित महिला की शिकायत की जांच एक साथ चलेगी। महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो विधायक की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला अपने बच्चे का अदालत के माध्यम से डीएनए टेस्ट कराने की मांग भी कर रही है। इस मामले में विधायक की पत्नी रीता नेगी इसी महिला के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं।


Leave a Comment