पिथौरागढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक विवाहित महिला और युवक के बीच प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद महिला अपने घर से चली गई, जिससे परिजनों में चिंता फैल गई और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, जिले के एक गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां की कनालीछीना क्षेत्र के एक युवक से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और समय के साथ नजदीकियां बढ़ती गईं। कुछ दिन पहले महिला घर से चली गई, जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने महिला की तलाश करते हुए उसे हरियाणा में खोज निकाला। हालांकि, पुलिस टीम के सामने महिला ने अपनी मर्जी से वहां रहने की बात कही और तत्काल घर लौटने से इनकार कर दिया।
एसआई ललित डंगवाल ने बताया कि महिला बालिग है, इसलिए कानून के तहत उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध वापस नहीं लाया जा सकता। वहीं, क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि महिला सुरक्षित है और हरियाणा में अपने परिचितों की देखरेख में रह रही है। महिला ने पुलिस को आश्वस्त किया है कि वह जल्द अपने घर लौटेगी। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।







Leave a Comment