देहरादून। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के बीच गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर स्ट्रक्ïचर की फिटिंग के दौरान एल्यूमिनियम का एक भारी खम्भा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 65 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
मिली जानकारी के मुताबिक अमर मेहता गुरुवार शाम करीब छह बजे अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बन्नू स्कूल ग्राउंड में थे, जहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर स्ट्रक्ïचर तैयार किया जा रहा था। पंडाल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और अंतिम चरण की फिटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एल्यूमिनियम का एक खंभा उनके सिर पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अमर मेहता के पुत्र आलोक मेहता महानगर कांग्रेस कमेटी में महामंत्री हैं। घटना के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे तथा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।







Leave a Comment