रुद्रपुर। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने पीडि़त को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को काशीपुर के रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पीडि़त से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कुंडेश्वरी निवासी व्यक्ति ने 10 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की और रुपये वसूले हैं। आरोप था कि आरोपियों ने षडय़ंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। पीडि़त की तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को टीम को सूचना मिली कि मुकदमे का मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय सतनाम सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीडि़त को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की बात बताई है। आरोप है कि पीडि़त को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की है।







Leave a Comment