रुडक़ी, हरिद्वार। बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने नाबालिग भाई को गोली मार दी जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने के बाद घटना स्थल पर अफरा तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। अब पुलिस जांच में जुटी है। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को सिविल अस्पताल रुडक़ी में भर्ती किया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
नाबालिग किशोर के परिजनों का कहना है कि गोली चलाने वालों से उनका पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो फिर छेड़छाड़ और गोली चलाने जैसी घटना नहीं होती।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर गेटट के पास एक दुकान के सामने हुई फायरिंग में एक 16 वर्षीय किशोर के बाएं कूल्के के पास गोली लगी है। घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे हैं।







Leave a Comment