रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पीडि़ता के अनुसार शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने चारों को रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने जबरन दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले जाना शुरू कर दिया। घटना के दौरान चारों भयभीत थे। आरोपी लगातार उन्हें धमकाते रहे।
रास्ते में मौका मिलते ही एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहे। दूसरी युवती और उसके साथ मौजूद युवक आरोपियों के कब्जे में ही रहे। आरोप है कि बदमाश दोनों को गदरपुर क्षेत्र की ओर ले गए। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में उतार दिया। वे युवती को अपने साथ ले गए। पीडि़ता का आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पूरी रात उसे अपने कब्जे में रखने के बाद रविवार सुबह आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोडक़र फरार हो गए।
सीओ सिटी रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।







Leave a Comment