Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 07 27 at 17.47.10

हल्द्वानी में रेत के ढेर से मिला डंपर हेल्पर का शव

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के चौफुला-कठघरिया मार्ग पर रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माण कार्य के लिए लाए गए रेत के ढेर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मजदूरों ने जैसे ही रेत हटानी शुरू की, उसमें से एक व्यक्ति का सिर और हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान लालकुआं के जयपुर बीसा निवासी 30 वर्षीय पवन सिंह पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई, जो डंपर में हेल्पर का कार्य करता था।

जानकारी के अनुसार, चौफुला-कठघरिया मार्ग पर सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के लिए गोरापड़ाव स्थित एक स्टोन क्रशर से रेत मंगाई गई थी, जिसे निर्माण स्थल पर डंप किया गया था। दोपहर बाद जब मजदूरों ने निर्माण कार्य के लिए रेत उठानी शुरू की, तभी रेत के भीतर दबा शव दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन सिंह रविवार सुबह काम पर निकला था और चालक के साथ डंपर लेकर गोरापड़ाव स्थित स्टोन क्रशर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि चालक मुख्य गेट पर भोजन करने के लिए रुक गया, जबकि पवन डंपर को लोडिंग प्वाइंट तक ले गया। इसी दौरान वह डंपर में रेत निकलने वाले हिस्से पर कट्टे लगा रहा था, ताकि लोडिंग के समय रेत बाहर न गिरे। इसी बीच लोडर (जेसीबी) से डंपर में रेत डाल दी गई और पवन उसके नीचे दब गया।

बताया जा रहा है कि काफी देर तक पवन के नजर नहीं आने पर चालक ने उसे आसपास तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद वह डंपर लेकर निर्माण स्थल पहुंचा और रेत खाली कर दी। बाद में जब मजदूरों ने रेत हटाई, तब उसमें दबा पवन का शव बरामद हुआ। देर शाम मृतक की ताई ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा सुरक्षा मानकों में लापरवाही का परिणाम था या अन्य कारण इसके लिए जिम्मेदार थे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top