रुड़की। हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को उसके दोस्तों ने दावत के बहाने बुलाया और सुनियोजित साजिश के तहत गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई की शाम मोहम्मदपुर जट्ट निवासी गौरव (28 वर्ष) को उसके दोस्त सुमित ने फोन कर दावत के लिए बुलाया। गौरव शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां सुमित के साथ डिंपल और आशीष पहले से मौजूद थे। इसके बाद चारों लोग बूढ़पुर जट्ट स्थित एक ईंट-भट्ठे के पीछे पहुंचे।
आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न बाइक पर पहुंचे और गौरव पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं उत्तर प्रदेश के पुरकाजी थाना और उत्तराखंड की मंगलौर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन सीमा विवाद के कारण कई घंटे तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मामला किस थाना क्षेत्र का है। अधिकारियों के निर्देश पर सीमांकन कराया गया, जिसमें घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर मंगलौर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बताया गया है कि गौरव की कुछ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। वह एक फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, एक भाई और एक बहन हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य व्यक्तिगत कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







Leave a Comment