Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 07 13 at 17.31.12

पति से विवाद के बाद महिला ने मासूम बेटी संग गंगनहर में लगाई छलांग

खबर शेयर करें

रुड़की। हरिद्वार जिले में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पति से कहासुनी के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक महिला और बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

पुलिस के अनुसार, कोटा मुरादनगर, थाना कलियर निवासी अर्जुन (35) अपनी पत्नी सविता (30), एक वर्षीय बेटी नोनी और चार वर्षीय बेटे नक्श के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में दौलतपुर के पास पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान सविता ने अर्जुन से बाइक रुकवाई और बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी।

घटना के बाद अर्जुन और उसका बेटा मदद के लिए चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गंगनहर में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन की मां देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती हैं। वह उनसे मिलने जाना चाहता था, जबकि सविता पहले मायके जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते इस दर्दनाक घटना में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, अर्जुन पेशे से एल्यूमीनियम स्ट्रक्चर बनाने का कारीगर है। उसका और सविता का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि एसडीआरएफ की टीम महिला और बच्ची की तलाश में लगातार जुटी हुई है।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top