हल्द्वानी। शहर में रविवार रात शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे एक चालक ने सड़क पर जमकर आतंक मचाया। मुखानी से जेल रोड तक उसने चार राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार सीज कर दी।
पुलिस के अनुसार, मुखानी निवासी पंकज रविवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में कार चला रहा था। वह ऊंचापुल से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की ओर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच उसने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
इसके बाद जेल रोड स्थित कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास उसने पीछे से एक महिला को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी और बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला को टक्कर मारने के कुछ ही देर बाद चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया और वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही चालक के मेडिकल परीक्षण के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







Leave a Comment