उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई नैनीताल निवासी एक महिला ट्रेकर पिछले तीन दिनों से लापता है। महिला की तलाश में प्रशासन, वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय बबिता पांडे नैनीताल से 10 सदस्यीय ट्रेकर्स दल के साथ एक स्थानीय ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से दयारा बुग्याल ट्रेक पर पहुंची थीं। ट्रेकर्स दल गोई कैंप क्षेत्र में ठहरा हुआ था।
बताया जा रहा है कि 29 मई की देर रात बबिता अपने टेंट से बाहर निकली थीं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। शनिवार सुबह जब ट्रेकिंग दल के सदस्यों ने उन्हें कैंप में नहीं पाया तो आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो इसकी सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें गोई कैंप, दयारा बुग्याल तथा आसपास के जंगलों, पैदल मार्गों और संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल दिन-रात महिला की खोज में जुटा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर सर्च ऑपरेशन का दायरा और बढ़ाया जाएगा। फिलहाल महिला का कोई सुराग नहीं मिला है और अभियान जारी है।
इस घटना के बाद ट्रेकिंग क्षेत्र में भी चिंता का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजन महिला के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।







Leave a Comment