अल्मोड़ा। Almora नगर के लोअर माल रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे, तभी उनकी स्कूटी हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार बख गांव निवासी संदीप आर्या अपने साथी विजय कुमार के साथ बेस क्षेत्र से जलाल बैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कॉलेज गेट के पास तीखे मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी चालक संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया।
वहीं पीछे बैठे विजय कुमार को पैर और छाती में हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय युवाओं ने दोनों घायलों को तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद विजय कुमार को छुट्टी दे दी गई, जबकि संदीप की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार को विजय कुमार का जन्मदिन था और दोनों दोस्तों ने हादसे से कुछ देर पहले एक होटल में जन्मदिन मनाया था। लेकिन लौटते समय खुशियों भरा सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
मृतक संदीप आर्या परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन की पहले ही शादी हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







Leave a Comment