हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। रक्षामंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैनीताल जनपद के एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में आज शनिवार, 21 मार्च को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रतिभाग करेंगे। रक्षा मंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम एवं आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। तय किया गया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल, रूट और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा हर स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। छतों और ऊंची इमारतों पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी और कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग जारी रहेगी। सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, पेट्रोल.डीजल, एलपीजी और मेडिकल जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
इसके अलावा एटीएस, क्यूआरटी और रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड में रखा गया है। फायर सर्विस, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। एलआईयू को सतत सूचना संकलन और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। ईद और लंबे वीकेंड के मद्देनजर पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
यह रहेगा रक्षामंत्री का कार्यक्रम
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज 11:10 बजे पालम एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 12:40 बजे आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे। यहां से वे कार से 12:55 बजे एमबी इंटर कालेज मैदान पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे।कार्यक्रम के बाद रक्षामंत्री दोपहर 2:15 बजे एमबी इंटर कालेज मैदान से आर्मी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 2:55 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे वहां से 3:25 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।







Leave a Comment