जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, एक महीने तक चलेगा मेला
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में एक माह तक लगने वाले श्रावणी मेले का शुभारंभ हो गया है। केंद्रीय सडक़ राज्यमंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष मंदिर प्रबंधन समिति नवीन भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट और डीएम आलोक कुमार पांडे ने विधि विधान से संयुक्त रूप से मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली लोगों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जागेश्वर में संस्कृत विश्वविद्यालय बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। प्रथम चरण में भूमि आवंटन के साथ-साथ निविदा लगाने का कार्य कर रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद संस्कृति का संरक्षण होगा। सीएम ने ये बातें श्रावणी मेले के शुभारंभ के मौके पर वर्चुअली लोगों को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आने के बाद पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री जिन भी स्थानों पर जाते हैं वहां धार्मिक पर्यटन के साथ.साथ अन्य पर्यटन गतिविधियां बढ़ती हैं। वर्तमान में जागेश्वर धाम में प्रतिवर्ष 10 से 12 लाख लोग पहुंच रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत जागेश्वर के विकसित होने के बाद यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को सारी सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय सडक़ राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी को लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान छोलिया दलों ने सुंदर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। स्थानीय बच्चों की ओर से नंदा राजजात यात्रा निकाली।







Leave a Comment