हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वालीं सोनी बिष्ट सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। सोनी की हिम्मत और मेहनत महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। शादी के महज 34 दिन बाद पति को खोने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खुद भारतीय सेना में अफसर बनकर अपने पति के सपने को पूरा किया। शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोनी ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए )चेन्नई में पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया और लेफ्टिनेंट के पद पर सेना में शामिल हो गईं। उनकी पहली पोस्टिंग असम में हुई है।
यह भी पढ़ें: पति को वीडियो कॉल कर, फंदे पर झूलकर महिला ने की खुदकुशी
वर्ष 2023 में सोनी बिष्ट की शादी उधमसिंह नगर के खटीमा निवासी नीरज भंडारी से हुई थी। नीरज 18 कुमाऊं रेजिमेंट में सैनिक पद पर तैनात थे। शादी को अभी 34 दिन ही हुए थे कि सड़क हादसे में नीरज की असमय मौत हो गयी। सोनी इस सदमे से जैसे -तैसे उबरी और परिवार उसके साथ हिम्मत बनकर खड़ा रहा। सोनी ने पति की तरह सेना में भर्ती होने का फैसला लिया। 8 मार्च 2025 को करीब दो साल बाद सोनी सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं और अब उनका मकसद देश की सेवा करना है। ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) चेन्नई में पासिंग आउट परेड में सोनी के पिता कुंदन सिंह बिष्ट, माता मालती बिष्ट और भाई राहुल बिष्ट भी शामिल हुए।
सोनी बिष्ट का संबंध एक फौजी परिवार से है। उनके दादा हरक सिंह बिष्ट भी सेना में थे जबकि उनके पिता कुंदन सिंह बिष्ट ब्रिगेड ऑफ गार्ड्स बटालियन में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हैं।


