कोटद्वार। घमंडपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को कुचलते हुए एक वेडिंग प्वाइंट में जा घुसी। हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, घमंडपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर दो बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे से होते हुए वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी और दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने 10 वर्षीय वंश चौहान को मृत घोषित कर दिया। वंश चौहान दुर्गापुरी का निवासी बताया जा रहा है। वहीं हादसे में 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। सीओ अस्मिता ममगाईं ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल बच्चे के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल बच्चे के उपचार की जानकारी लेने के साथ ही परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसा किस कारण हुआ और दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
10 वर्षीय वंश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं लक्ष्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसके परिजन भी चिंतित हैं। हादसे के बाद घमंडपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।







Leave a Comment