Report Ring News
राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड सहित देश के तमाम हिस्सों में मौसम ने करवट बदल ली है। बारिश और हवा के कारण मौसम में तबदीली देखने में आयी है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण हिस्से केरल, तमिलनाडु, गोवा और हरियाणा में कुछ जगहों पर बारिश हुई। वहीं पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होने से मौसम में ठंडक बढ़ गयी है। हालांकि बुधवार को दिल्ली सहित अन्य जगहों पर मौसम साफ रहा, लेकिन सुबह और शाम के वक्त सिहरन होने लगी है।

जबकि उत्तराखंड में सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस हो रही है, दिन में साफ मौसम और खिली धूप हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली व कुछ अन्य इलाकों में 22 अक्तूबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। बताया जाता है कि दिल्ली में अगले पाँच दिनों के भीतर अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हालांकि पंजाब और बिहार में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जतायी गयी है। उधर हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बर्फ पड़ने से उत्तराखंड सहित विभिन्न हिस्सों में तापमान में कमी आयी है। हालांकि बर्फबारी का आनंद उठाने के शौकीन लोग पहाड़ी इलाकों को रुख करने लगे हैं।

