Report ring Desk
नई दिल्ली। 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से लगातार 10वीं बार तिरंगा फहराया। वे पहले ऐसे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लालकिले से इतनी बार तिरंगा फहराया हो। देश की आजादी के बाद लाल किले से सबसे ज्यादा तिरंगा झंडा फहराने का सौभाग्य देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने फहराया। उनके बाद उनकी बेटी इंदिरा गांधी ने 16 बार और पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने भी 10 बार यूपीए के कार्यकाल में तिरंगा फहराया था।
प्रधानमंत्री ने लाल किले पर पहुंचकर गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। लाल किले पर पहुंचने और तिरंगा फहराने से पहले प्रधानमंत्री राजघाट गए जहां उन्होंने पूज्य बापू महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाल किले पर तिरंगा फहराने के बाद 21 तोपों की सलामी दी गई। इससे पहले लाल किला पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। लाल किला पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने जैसे ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया, भारतीय वायु सेना के दो उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर मार्क.प्प्प् ध्रुव ने कार्यक्रम स्थल पर पुष्प वर्षा की।