Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 07 22 at 19.04.45

दो साधुओं की हत्यारोपी गिरफ्तार, हरिद्वार में मंदिर की गद्दी को लेकर हुई थी वारदात

खबर शेयर करें

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई धारदार पाठल और शव दफनाने में प्रयुक्त दो फावड़े भी बरामद किए गए हैं। मामले का चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि दो दिन पहले शिवगढ़ स्थित शिव मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिए गए थे। मृतकों की पहचान पारस गिरी और सेवा गिरी, निवासी शुक्रताल, भोपा (जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पुलिस ने काठा पीर के जंगल से अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन (निवासी इस्माईलपुर, लक्सर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात पारस गिरी ने सेवा गिरी को पगड़ी पहनाकर मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया था। इसी बात से नाराज होकर चारों आरोपियों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर धारदार पाठल से सेवा गिरी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद पारस गिरी पर भी हमला कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया। साथ ही मंदिर के सेवादार उत्तम झा को जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल व सिम कार्ड तोड़कर उसे वहां से दूर चले जाने के लिए कहा, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।

एसएसपी ने बताया कि फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top