अनिल पांडेय
चीन में रहने वाले भारतीयों ने पिछले दिनों अपने लोगों से मेल़-जोल बढ़ाने के साथ-साथ विदेशी धरती पर भारत की सांस्कृतिक झलक बिखेरी। मौका था दक्षिण चीन के क्वांगचो में आयोजित नमस्ते कैंटन कार्यक्रम का। 21 नवंबर को बीजिंग रोड टूरिज्म एरिया में हुए शानदार आयोजन में प्रवासी इंडियंस के अलावा, स्थानीय लोगों और पर्यटकों समेत सैंकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में पूरे भारत की कला, शिल्प और खान-पान के ज़रिए भारतीय संस्कृति की एक समृद्ध झलक देखने को मिली। इसमें उत्तर भारत के कथक, भांगड़ा, पूर्वी भारत के ओडिसी के अलावा मणिपुरी डांस का आकर्षण देखने को मिला। जबकि पश्चिमी भारत के लेजिम व बॉलीवुड डांस की धुन पर भी लोग खूब थिरके।

साथ ही भरतनाट्यम, मोहिनीअट्टम और तिरुवाथिराकाली के प्रदर्शन ने चीन में भारतीय संस्कृति की शानदार झलक पेश की। वहीं तबला और संतूर की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में एक अनोखा रंग भर दिया। जबकि क्वांगतोंग में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने भी संगीत और नृत्य पेश किया और वहां लगे स्टॉल्स में राजस्थान बूथ आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का आयोजन क्वांगचो स्थित इंडियन कौंसुलेट द्वारा किया गया। और प्रोग्राम का उद्घाटन कौंसुल जनरल जिन्स कुरुविला मट्टम ने किया। जाहिर है कि यह भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने और भारत और चीन के नागरिकों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर था।
इस समारोह के दौरान लोगों को भारत की विविध खान-पान परंपरा, हस्तशिल्प, जीवनशैली से जुड़े उत्पादों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारत के बारे में जानने और समझने का अच्छा अवसर मिला।
नमस्ते कैंटन के दौरान लगे खाने-पीने के स्टॉल्स ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इनमें समोसे, चाय, पराठे, डोसा, वड़ा पाव, चिकन टिक्का और कई अन्य क्षेत्रीय व्यंजन मौजूद थे, इस तरह लोग ‘अतुल्य भारत’ की विविध खानपान परंपरा से रूबरू हुए।

इतना ही नहीं कार्यक्रम में भारत के विभिन्न उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया, जिनमें चाय, कॉफी, परिधान, आभूषण, आयुर्वेद, योग, और विभिन्न प्रकार के पेय पदार्थ शामिल थे।
नमस्ते कैंटन में पहुंचे लोगों को पारंपरिक भारतीय कला और रीति-रिवाजों को करीब से देखने और महसूस करने का मौका भी मिला। इस दौरान यहां लाइव मेहंदी आर्ट और साड़ी पहनने के प्रदर्शन (डेमो) आयोजित किए गए, जिससे विदेशी मेहमानों को भारत की प्राचीन परंपरा और मेहमाननवाजी की झलक मिली।
नमस्ते कैंटन के आकर्षणों में से एक राजस्थान पर्यटन का विशेष प्रचार बूथ था। इसके जरिए राजस्थान की शानदार विरासत, शाही इतिहास, जीवंत संस्कृति, पारंपरिक कला, ऐतिहासिक वास्तुकला और पर्यटन के विविध अनुभव प्रस्तुत किए गए।
बता दें कि राजस्थान फाउंडेशन के हांगकांग चैप्टर के अध्यक्ष पूरन एल. जेसवानी ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को इस मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य चीन के लोगों और स्थानीय समुदाय को राजस्थान आने और यहाँ के अनूठे सांस्कृतिक व ऐतिहासिक आकर्षणों का अनुभव करने के लिए प्रेरित करना था।
कहा जा सकता है कि ‘नमस्ते कैंटन’ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं था, बल्कि यह लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, भारतीय संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने, और भारत व चीन के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाने का एक सार्थक मंच साबित हुआ।
लेखक चीन में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं







Leave a Comment