नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा झोंकेदार हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते भूस्खलन और अन्य आपदा की घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर (शनिवार) को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र के आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राएं संस्थान परिसर में ही निवास करते हैं।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







Leave a Comment