Mountain

पिथौरागढ़ के दो पर्वतारोहियों ने फतह की लद्दाख की तीन चोटियां

खबर शेयर करें

पिथौरागढ़। जिले के दो पर्वतारोहियों ने लद्दाख की दुर्गम और चुनौतीपूर्ण तीन ऊंची चोटियों को फतह किया है। इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आइस) संस्था के प्रशिक्षक मुकेश और लोकेश ने हाई एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग अभियान के दौरान 6,440 मीटर ऊंची माउंट कांग यात्से 1, 6,300 मीटर ऊंची माउंट जोजोंगो वेस्ट और 6,250 मीटर ऊंची माउंट जोजोंगो ईस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है।

आइस संस्था के अध्यक्ष विश्वदेव पांडेय वासू और सचिव जगदीश कलौनी ने बताया कि अभियान के दौरान दोनों पर्वतारोहियों को बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। ऊंचाई बढऩे के साथ ऑक्सीजन की कमी, प्रतिकूल मौसम और तकनीकी चढ़ाई की चुनौतियों के बीच उन्होंने अपने अनुभव एवं प्रशिक्षण के दम पर तीनों चोटियों को फतह किया। तीनों चोटियां अपनी ऊंचाई, कठिन भूभाग और तकनीकी चुनौतियों के लिए जानी जाती हैं। ऐसे अभियानों में पर्वतारोहियों की शारीरिक क्षमता के साथ तकनीकी दक्षता, अनुभव और मानसिक दृढ़ता की भी परीक्षा होती है। मुकेश और लोकेश आईस संस्था में प्रशिक्षक के रूप में हाई-एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण भी देते हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले के युवा पर्वतारोहियों के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है।

माउंट कांग यात्से 1 कांग यात्से पर्वत समूह की ऊंची चोटी है और मार्का घाटी के अंतिम हिस्से में स्थित है। वहीं जोजोंगो ईस्ट और वेस्ट निम्मलिंग क्षेत्र की पर्वत श्रृंखला का हिस्सा हैं। जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोट्र्स के अभियान रिकॉर्ड में जोजोंगो वेस्ट की ऊंचाई 6,307 मीटर और ईस्ट की 6,220 मीटर दर्ज है।

साइकिल यात्रा से देंगे “नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर” का संदेश

प्रसिद्ध पर्वतारोही स्वर्गीय पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में आईस संस्था के प्रशिक्षक पवन और शुभम दारमा घाटी तक साइकिल यात्रा करेंगे। पिथौरागढ़ में करीब 1,625 मीटर की ऊंचाई से शुरू होने वाली यह यात्रा सीपू गांव में करीब 3,500 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचेगी। करीब 364 किलोमीटर की यात्रा 6 रात और 7 दिन में पूरी की जाएगी। यात्रा का संदेश ‘नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर’ और ‘आपदा से आगे, उम्मीद की सवारी’ रखा गया है। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और आपदा जैसी परिस्थितियों में हौसला बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top