नैनीताल। जिले के एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र से छह माह से माहवारी नहीं आने की शिकायत लेकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंची 17 वर्षीय किशोरी की अल्ट्रासाउंड जांच में गर्भवती होने की पुष्टि हुई। किशोरी करीब पांच सप्ताह चार दिन की गर्भवती पाई गई। नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ बीडी पांडे अस्पताल पहुंची। यहां उसने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमा फर्कियाल को बताया कि करीब छह माह से उसे माहवारी नहीं हुई है। समस्या को देखते हुए चिकित्सक ने उसे अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।
कुछ देर बाद अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट सामने आने पर चिकित्सक भी हैरान रह गईं। जांच में किशोरी करीब पांच सप्ताह चार दिन की गर्भवती पाई गई। इसके बाद चिकित्सक ने उसकी उम्र की पुष्टि के लिए पहचान संबंधी दस्तावेज देखे। दस्तावेजों के अनुसार किशोरी की उम्र 17 वर्ष आठ माह 23 दिन सामने आई।
किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी अपनी मां के साथ वहां से चली गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।







Leave a Comment