बागेश्वर। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर में तैनात परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके सोलर प्लांटों की चार ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (जेआईआर) तैयार करने के लिए परियोजना अधिकारी प्रत्येक फाइल पर 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। चारों फाइलों के लिए कुल 40 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शुक्रवार को टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए धीरेंद्र सिंह पटवाल को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल, पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह पटवाल, मूल निवासी राजनगर, पीरूमदारा (रामनगर), नैनीताल के निवासी हैं। वर्तमान में वह उरेडा बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।







Leave a Comment