जागेश्वर, अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का आज से शुभारंभ हो जाएगा। एक महीने तक चलने वाले श्रावणी मेला 15 अगस्त तक चलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जागेश्वर धाम पहुंचकर श्रावणी मेला का विधिवत उद््घाटन करेंगे। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हेलीपैड, गुरड़ाबांज जनसभा स्थल, जागेश्वर धाम, शौकियाथल, वृद्ध जागेश्वर क्षेत्र में व्यवस्थाओं का ट्रायल किया।
श्रावणी मेले के उदघाटन से पूर्व जागेश्वर धाम व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंदिर परिसर, जनसभा स्थल, हेलीपैड और प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, आवागमन और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जागेश्वर मंदिर परिसर में पूर्व प्रबंधक प्रकाश भट्ट, पूर्व प्रबंधक भगवान चंद्र भट्ट, पूर्व पुजारी प्रतिनिधि नवीन चंद्र भट्ट, आचार्य गोकुल भट्ट, महामंडलेश्वर मोहन चंद्र भट्ट (लाल बाबा) मौजूद रहे।
यह रहेगा सीएम का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री जागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन के साथ ही श्रावणी मेले का शुभारंभ करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे 11 बजे जागेश्वर धाम पहुंचेंगे। जागेश्वर धाम में मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे तक दर्शन-पूजन, पौधारोपण तथा अन्य आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद पर्यटक आवास गृह में अल्प विश्राम का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। दोपहर 1:05 बजे मुख्यमंत्री अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1:05 से 2:20 बजे तक आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम तथा हरेला वृक्षारोपण अभियान में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे।







Leave a Comment