चमोली। बदरीनाथ धाम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूछताछ और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ लाया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार रविवार रात करीब 11 बजे उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक शालिग्राम शिला और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। इसके साथ ही दस्तावेजों, रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
25 जून को भी नोटों की गड्डी ले जाते दिखा आरोपी नौटियाल
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के मामले की पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने 25 जून की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें भी आरोपी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने बीकेटीसी से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।







Leave a Comment