अपने पैतृक गांव सुयालबाड़ी के लिए निकले थे नवीन चन्द्र
नैनीताल। बेटी का शादी का कार्ड बांटने के लिए गए एक व्यक्ति का भुजियाघाट में शव मिलने से सनसनी फैल गई। विवाह के कार्ड बांटने के लिए वे घर से अपने पैतृक गांव सुयालबाड़ी, अल्मोड़ा के लिए निकले थे। शुक्रवार रात को उन्होंने परिवार वालों से बात करके भवाली में रहने की बात की थी और शनिवार की सुबह जाने सुयालबाड़ी जाने की बात कही थी। उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया था। उनके चचेरे भाई ने बताया कि नवीन चंद्र कोटाबाग के पवलगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर तैनात थे।
मिली जानकारी के मुताबिक बैलपोखरा के बंदरजूड़ा निवासी नवीन चंद्र (52 वर्ष) अपनी बेटी के शादी के कार्ड बांटने के लिए अपने पैतृक गांव सुयालबाड़ी के लिए निकले थे। रात को उन्होंने परिवार वालों से बात करके बताया था कि वे रात को भवाली में ही रुकेंगे और शनिवार सुबह सुयालबाड़ी जाएंगे। 21 अप्रैल को उनकी बड़ी बेटी की शादी होनी थी। परिवार से बात करने के बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। बाद में भुजियाघाट में उनका शव मिला था। शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि कुछ हिस्सों पर रगडऩे के निशान है। अब सवाल यह है कि जब उन्हें सुयालबाड़ी जाना था तो वे भुजियाघाट कैसे पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी साथ ही उनके मोबाइल की भी खोजबीन की जा रही है।
आधार कार्ड से हुई पहचान, शादी के कार्ड में लिखे नम्बर से हुआ सम्पर्क
सूचना पर जब पुलिसकर्मी भुजियाघाट पहुंचे तो नवीन का शरीर पानी में था। जिस जगह वह डूबे थे वहां आठ से दस फीट पानी था। पानी से ही उनके काले रंग के बैग से मिले आधार कार्ड और शादी के कार्ड पर अंकित प्रिंटिंग प्रेस के नंबर के जरिये परिवार वालों से संपर्क किया गया।







Leave a Comment