देहरादून। राज्य के हर विकासखण्ड के पांच गांव आदर्श गांव बनाए जाएंगे। पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। कौशिक ने कहा कि इन गांवों में ड्रेनेज और कूड़ा निस्तारण प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा। वहीं, पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 10 की जगह 20 लाख रुपये देने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा।
पंचायतीराज मंत्री कौशिक ने बताया कि प्रदेश के लगभग दो हजार पंचायतों में भवन नहीं हैं। राज्य में 7817 ग्राम पंचायतें हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पंचायतीराज की सबसे छोटी इकाई है। इसका विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि सभी पंचायतों में पंचायत भवन बने। हर साल केंद्र सरकार भी पंचायत भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करा रही है। कौशिक ने कहा कि पंचायतों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने होंगे।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत की मूलभूत आवश्यकताओं पर ध्यान दिया जाए। बैठक में विशेष सचिव पंचायतीराज पराग मधुकर धकाते, निदेशक निधि यादव, अपर सचिव श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।







Leave a Comment