सीएम धामी धाकड़ ही नहीं धुरंधर भी
हल्द्वानी। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर मुख्यमंत्री धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा सीएम धामी ने इन चार सालों में धुआंधार काम किया है। सिंह ने कहा कि सीएम धामी धाकड़ ही नहीं धुरंधर भी हैं। राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखण्ड देवभूमि, तपोभूमि होने के साथ ही वीर भूमि भी है। जब भी देश की सीमाओं की सुरक्षा की बात आती है तो उत्तराखण्ड के वीर इसमें पीछे नहीं हटते।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखण्ड की यह भूमि वेदों और देवों की भूमि है। उन्होंने कहा मैं उत्तराखण्डवासियों के स्वभाव से अच्छी तरह परिचित हूं। यहां के लोगों में पर्वत सी अटलता देखने को मिलती है। राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखण्ड आस्था, अध्यात्म और संस्कृति की भूमि है। यह ऋषिमुनियों की धरती है। यह तपोभूमि है। यहां की ज्ञानसाधना और संस्कारों की परंपरा पूरे राष्ट्र को दिशा देती है।
उन्होंने कहा उत्तराखण्ड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे हो रहे है। पिछले पाँच वर्षों से धामी जी मुख्यमंत्री हैं जबकि 9 वर्षों से भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों की जो चिंता की है, उसके लिए उनका आभार। उत्तराखण्ड सरकार ने परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि को रु50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ करने का कार्य किया है।
आधुनिक युद्ध पारंपरिक सीमाओं से परे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक युद्ध पारंपरिक सीमाओं से परे है और इसमें आर्थिक, डिजिटल, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा शामिल है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि एकजुट होने के लिए तैयार नागरिकों द्वारा समर्थित एक सशक्त सेना राष्ट्र की रक्षा के लिए आवश्यक है। उत्तराखंड के घोराखाल स्थित सैनिक विद्यालय के स्थापना दिवस और हीरक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आजकल का युद्ध सीमाओं से परे है, राष्ट्रीय सुरक्षा में आर्थिक, डिजिटल, ऊर्जा और यहां तक कि खाद्य सुरक्षा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि संघर्षों का स्वरूप बदल गया है, आर्थिक, साइबर, अंतरिक्ष और सूचना युद्ध से खतरे उभर रहे हैं, जिसके लिए सभी नागरिकों से निरंतर सतर्कता और तत्परता की आवश्यकता है।







Leave a Comment