पर्वतीय लोकविकास समिति की ओर से सुखी परिवार फाउंडेशन एवं विभिन्न प्रवासी पर्वतीय संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा महोत्सव का आयोजन
नई दिल्ली। पर्वतीय लोकविकास समिति की ओर से सुखी परिवार फाउंडेशन एवं विभिन्न प्रवासी पर्वतीय संस्थाओं के सहयोग से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में 14 जनवरी को राष्ट्रीय उत्तरायणी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार यह महोत्सव इस बार केवल एक सांस्कृतिक उत्सव न होकर राष्ट्र की संस्कृति, धर्मरक्षा, पर्यावरण शुचिता और राष्ट्रीय एकता का सशक्त पर्व बनेगा।
पर्वतीय लोकविकास समिति के परामर्शदाता एवं अध्यक्ष सीए राजेश्वर पैन्यूली ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह आयोजन दिल्ली में होने वाले अन्य आयोजनों से अलग और विशिष्ट होगा। एक ओर जहाँ देवभूमि उत्तराखंड के गौरव की गूंज सुनाई देगी, वहीं दूसरी ओर देश के निर्माण और विकास में उत्तराखंडियों के ऐतिहासिक योगदान पर भी चर्चा की जाएगी।

उत्तरायणी अभियान के संयोजक प्रो. सूर्य प्रकाश सेमवाल ने बताया कि राष्ट्रीय उत्तरायणी महोत्सव 2026 में इस बार गु्रप के कलाकारों की ओर से प्रो. राकेश भट्ट के निर्देशन में पौराणिक ‘पांडव कथा – चक्रव्यूह्’ का भव्य मंचन किया जाएगा। महोत्सव में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला एवं रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही पारंपरिक माँ भगवती नन्दा डोली जात्रा का आयोजन भी होगा। ’मातृशक्ति द्वारा भारत के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य एवं लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही उत्तराखंड एवं देश के प्रमुख व्यक्तित्वों को सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक आदि क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान हेतु राष्ट्र गौरव, दिल्ली गौरव, हिमालय गौरव एवं उत्तरायणी अभियान सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पद्मविभूषण सुंदरलाल बहुगुणा तथा हिमालय गौरव इंद्रमणि बडोनी जैसे शताब्दी व्यक्तित्वों के राष्ट्र एवं हिमालय के लिए योगदान पर विशेष चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा।







Leave a Comment