हल्द्वानी। दूसरी बेटी पैदा होने पर महिला के साथ प्रताड़ना का मामला सामने आया है। लालडांठ निवासी एक महिला के दूसरी पुत्री को जन्म देने पर ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। पति, सास और ननद ने महिला को लात-घूंसे और प्रेशर कुकर से पीटा। महिला ने मुखानी पुलिस को शिकायत कर इसकी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लालडांठ रोड निवासी रेखा जोशी का कहना कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई। शादी के बाद पति ने बेटे की चाहत में भ्रूण जांच का दबाव बनाया। साथ ही बेटी पैदा होने पर दोनों को मारने की धमकी भी दे डाली। महिला ने जब इसका विरोध किया तो गर्भावस्था में उससे मारपीट की, जिससे उसका गर्भपात हो गया। बताया कि 20 दिसंबर 2023 को उसने फिर बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उसके पति व अन्य ससुरालियों का व्यवहार उसके लिए बदल गया। वे उससे मारपीट करने लगे। यहां तक कि कमरे में कैद कर खाना.पीना भी बंद कर दिया।
आरोप है कि 13 जून की रात आरोपियों ने महिला को लात-घूंसो और प्रेशर कुकर से पीटा। महिला ने इसकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दी है। उधर ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक महिला को मारते दिख रहे हैं। एक छोटी बच्ची महिला को बचाने का प्रयास करती हुई दिखती है।


Leave a Comment