– जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही आतंकवाद ने पैर पसारे
– लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार
ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में चुनावी सभा को संबोधित किया। ऋषिकेश में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां पर भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। आज हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है. फिर एक बार मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने बीते 10 वर्ष में भारत को पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है। जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे।
मोदी ने कहा कि आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। उन्होंने कहा कि सात दशक बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 निरस्त किया गया। तीन तलाक के खिलाफ काननू बना। महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 33प्रतिशत आरक्षण मिला। सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10प्रतिशत आरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था। ये भाजपा है, जिसने भारत में बनी बुलेटपू्रफ जैकेट अपने सैनिकों को दी। उनके जीवन की रक्षा की।
प्रधान मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक आधारभूत संरचना नहीं बना पाई। आज सीमा पर आधुनिक सडक़ें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है।


