रुद्रपुर । उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में संपत्ति बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें छोटे भाई की कलाई लगभग कट गई। बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, जसपुर कोतवाली क्षेत्र के लकड़ी मंडी चौराहे के पास रविवार देर शाम यह घटना हुई। चांद मस्जिद के पास स्थित UK-18 होटल क्षेत्र में रहने वाले पांच भाइयों के परिवार में लंबे समय से जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर बड़े भाई शेर अली और छोटे भाई अनवर हुसैन के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर शेर अली ने धारदार हथियार से अनवर हुसैन पर हमला कर दिया। हमले में अनवर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हाथ की कलाई लगभग कट गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान एक अन्य युवक भी घायल हो गया।
दोनों घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर सोमवार को आरोपी शेर अली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
जसपुर कोतवाल Rajesh Pandey ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।







Leave a Comment