Uttarakhand DIPR
Dhami govt

धामी मंत्रिमंडल का विस्तार, 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखण्ड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में शुक्रवार को दूसरी नवरात्र के दिन मंत्रिमंडल विस्तार किया गया है। धामी मंत्रिमंडल में 5 नए मंत्रियों की ताजपोशी की गई है, जिसके बाद अब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 सदस्य हो गए हैं। राजपुर विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने मंत्रिपद की शपथ ली। सरकार व संगठन के बीच कैबिनेट विस्तार के लिए होमवर्क पूरा होने के बाद इसके लिए नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।

मालूम हो कि राज्य में पिछले कई समय से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं थी जो आज पूरी हो गई। लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। फिर विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली।

वर्तमान में कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली थे, जिनमें नए मंत्रियों की ताजपोशी की गई है। विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज के रिकॉर्ड को देखकर उनकी ताजपोशी की गई है। नई कैबिनेट में क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के बीच संतुलन बनाया गया। राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार पर कई दौर की वार्ता हो चुकी थी।

उत्तराखंड में मंत्रिमंडल में कुल 12 पद निर्धारित हैं, जिनमें पहले केवल 7 पद भरे हुए थे। वर्ष 2023 में कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद एक पद खाली हो गया था। वहीं 2025 में विवादित बयान के बाद प्रेमचंद्र अग्रवाल के इस्तीफे से खाली पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई थी। अब पांच नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद मंत्रिमंडल पूरी तरह भर गया है।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top