Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 05 07 at 15.59.20

कैंटन फेयरः दुनिया के सबसे बड़े व्यापार मेले का चीन ने इस तरह किया सफल आयोजन

खबर शेयर करें

By Anil Azad, China

चीन ने एक बार फिर विश्व के सबसे बड़े व्यापार मेले का सफल आयोजन करने में कामयाबी पायी है। दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में हुए कैंटन फेयर ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। 139वें चीन आयात और निर्यात मेले( कैंटन फेयर) की विशालता और प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें 32 हज़ार से अधिक कंपनियों ने शिरकत कीं, जिनमें 11 हज़ार से ज्यादा उच्च-गुणवत्ता वाली कंपनियां शामिल हैं।

गौरतलब है कि कैंटन फेयर में दुनिया के तमाम देशों के खरीददार और विक्रेता पहुंचे। कैंटन फेयर कामप्लैक्स यानी क्वांगचो इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एग्जिबिशन सेंटर लगभग कुल 1.1 मिलियन वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इनडोर एग्जिबिशन एरिया की बात करें तो यह करीब 338,000 से 380,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। साथ ही 43,600 वर्गमीटर में आउटडोर एरिया है। जो इसे दुनिया का सबसे बड़ा और आधुनिक प्रदर्शनी केंद्र बनाता है।

क्वांगचो के कैंटन मेले में पहुंचे खरीददारों का उत्साह और उत्सुकता देखते ही बनती है। मेले के दौरान वैसे तो घरेलू सामान से लेकर कारें सब कुछ उपलब्ध रहीं। लेकिन स्मार्ट लाइफ प्रदर्शनी क्षेत्र में दिखे उत्पादों को लेकर भारत सहित ग्लोबल खरीददारों में काफी उत्साह देखा गया। इन स्मार्ट उपकरणों में घरों में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों के साथ-साथ कमर्शियल स्मार्ट सॉल्युशन्स भी शामिल थे। अनुवाद करने और फोटो खींचने, वीडियो लेने में सक्षम एआई चश्मों के साथ-साथ ब्लूटूथ हेडसेट्स भी आकर्षण का केंद्र रहे। जबकि रोबोट्स और अन्य आधुनिक चीजों ने भी पूरे विश्व को चीन में हो रहे नवाचार से अवगत कराया। स्मार्ट लाइफ वाले ज़ोन में भारतीय व अन्य देशों के व्यापारियों की काफी भीड़ रही।
WhatsApp Image 2026 05 07 at 15.59.21

ध्यान रहे कि कैंटन फेयर अक्तूबर और अप्रैल महीने यानी साल में दो बार आयोजित होता है। अप्रैल महीने में हुए मेले की बात करें तो यह 15 अप्रैल से 5 मई तक तीन चरणों में आयोजित हो रहा है।
जहां पहले चरण में इलेक्ट्रॉनिक्स, हाउसहोल्ड इलेक्ट्रिकल एप्लायंसेस, लाइटिंग, मशीनरी, कारें और हार्डवेयर की चीजें प्रदर्शित हुईं। जबकि 23 से 27 अप्रैल तक चले दूसरे चरण में बिल्डिंग मटीरियल, फर्नीचर, किचनवेयर के साथ-साथ गिफ्ट व डेकोरेशन की वस्तुओं प्रदर्शित की गयी। अंतिम चरण की बात करें तो उसमें टैक्सटाइल्स, कपड़े, जूते, ऑफिस की वस्तुएं, खाद्य पदार्थ और मेडिकल उत्पाद शामिल हैं।
बताया जाता है कि इस साल के कैंटन फेयर में 179 विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र शामिल किए गए हैं। जिनमें स्मार्ट वियरेबल, डिस्प्ले तकनीक, उपभोक्ता ड्रोन और एकीकृत आवास एवं उद्यान सुविधाओं सहित नौ नए क्षेत्र पहली बार जोड़े गए हैं।

WhatsApp Image 2026 05 07 at 15.59.20 1
जैसा कि हम जानते हैं कि कैंटन फेयर क्वांगचो और चीन का सबसे बड़ा आकर्षण होता है, उसे देखते हुए यह इस पूरे क्षेत्र के पर्यटन सेक्टर को मजबूत करने का काम करता है। अप्रैल महीने से मई के बीच क्वांगचो और आसपास के पूरे इलाके विदेशी खरीददारों से गुलजार रहते हैं। इसका सीधा असर होटल और मॉल्स में देखा जा सकता है। कैंटन फेयर के दौरान क्वांगचो में होटलों की भारी डिमांड होती है। जबकि पर्यटक स्थलों में भी बड़ी संख्या में विदेशी देखे जा सकते हैं। कैंटन टावर जो कि क्वांगचो की शान माना जाता है, उसके पास पहुंचने वालों की तादाद सबसे अधिक होती है। कहा जा सकता है कि चीन में आने वाले खरीददार न केवल कैंटन फेयर में जाकर अपने बिजनेस को बढ़ाने पर ध्यान देते हैं, बल्कि घूमने-फिरने और खाने-पीने की चीजों का भी आनंद लेते हैं।
हालांकि चीन विभिन्न तरह के व्यापार मेलों का आयोजन करता रहता है, लेकिन कैंटन फेयर का स्तर काफी विशाल होता है, जो दुनिया भर के खरीददारों को तमाम वस्तुओं को नजदीक से देखने और परखने का मौका मिलता है। क्योंकि फेयर में आकर वे विभिन्न उत्पादों के बारे में गहरी जानकारी हासिल करते हैं और आर्डर भी जारी करते हैं। इस तरह चीन में बनी वस्तुओं को उक्त व्यापारी अपने देशों में आयात करते हैं। जो मेड इन चाइना उत्पादों की बढ़ती डिमांड और अच्छी गुणवत्ता का भी प्रमाण है।

चीन ने कैंटन फेयर के जरिए दुनिया को दिखा दिया कि वह बिजनेस व नवाचार के मामले में कितना आगे है। साथ ही तकनीक व आधुनिक सिस्टम को अपनाने में भी पीछे नहीं है।

लेखक चाइना मीडिया ग्रुप में वरिष्ठ पत्रकार हैं।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top