रामनगर। घास काटने के लिए गई एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। महिला की मौत के बाद से गुस्साए ग्रामीणों हाईवे पर जाम लगा दिया। इस बात की जानकारी घास काट रही अन्य महिलाओं ने गांव जाकर ग्रामीणों और वन विभाग को दी। जिसके बाद ग्रामीणों और वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। काफी ढूंढने के बाद महिला का शव कोसी नदी की तरफ 500 मीटर की दूरी पर पड़ा हुआ मिला। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामनगर के रिंगोड़ा गांव की बुजुर्ग महिला तुलसी देवी (60) अपने साथी महिलाओं के साथ घास काटने गई थी। सभी महिलाएं हाईवे के किनारे घास काट रही थी। इसी दौरान आदमखोर बाघ ने तुलसी देवी पर हमला कर दिया। आदमखोर महिला को अपने साथ घसीटते हुए कोसी नदी की ओर लेकर चला गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। जिसके बाद रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला, कोसी रेंजर शेखर तिवारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।

