मसूरी। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना टिपरीधार क्षेत्र के एक होम स्टे में ठहरी नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस को होम स्टे के एक कमरे में ठहरी महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) पत्नी सौम्या श्रीचरण निवासी शकरपुर, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार दंपती 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होम स्टे में ठहरे थे। बताया गया कि रात करीब 3:30 बजे दोनों सो गए थे। सुबह पति ने देखा कि पत्नी बेसुध अवस्था में पड़ी है और उसके मुंह से खून निकल रहा है। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को कमरे से खून के निशान भी मिले हैं, जिसके चलते मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था। पति और पत्नी दोनों आईटी क्षेत्र में कार्यरत थे। पति पुणे में जबकि महिला गुरुग्राम में नौकरी करती थी।
घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। परिजन विशाखापट्टनम से मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।







Leave a Comment