देहरादून। प्रदेश में लगातार पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 30 और 31 मई के लिए राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।







Leave a Comment