पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में 500 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले के मास्टर माइंड को पुलिस ने दुबई से गिरफ्तार किया है। ठगी के मास्टर माइंड को चार साल बाद दुबई के संयुक्त अरब अमीरात से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। प्रदेश में यह अब तक की सबसे बड़ी ठगी है। सीबीआई, विदेश और गृह मंत्रालय के सहयोग से पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।
वर्ष 2021 में पिथौरागढ़ जिले में विभिन्न कंपनियों, शेयर मार्केट में धन लगाने के नाम पर 500 करोड़ रुपये से अधिक ठगी का मामला सामने आया था। इस गिरोह के मास्टर माइंट पिथौरागढ़ जिले के सिलपाटा निवासी जगदीश पुनेठा ने पत्नी, भाई और पिता सहित 15 सदस्यों के साथ इस ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस गिरोह के 15 सदस्यों को तो गिरफ्तार किया लेकिन मुख्य सरगना जगदीश पुनेठा फरार हो गया। जिले के विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसकी काफी खोजबीन की लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर था। उसके दुबई के संयुक्त अरब अमीरात में होने का पता चला था। उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेट नोटिस जारी किया गया। उसे पकड़ने के लिए यूएई के अधिकारियों के साथ संपर्क किया गया और अनुमति मिलने पर पिथौरागढ़ कोतवाली के कोतवाल ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम दुबई पहुंची। आरोपी अपने ठिकाने पर मिला जिसे गिरफ्तार कर टीम पिथौरागढ़ वापस लौटी है। एसपी रेखा यादव ने कहा कि करोड़ों की ठगी के मामले में मुख्य सरगना को पकड़ना पिथौरागढ़ पुलिस के लिए गौरव की बात है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।







Leave a Comment