देहरादून। चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण धाम गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए अक्टूबर के अंत तक बंद कर दिए जाएंगे। मंदिर समिति ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट 22 अक्टूबर को अन्ïनकूट पर्व के दिन विधि विधान के साथ बंद किए जाएंगे। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट अगले दिन 23 अक्टूबर को भैयादूज के अवसर पर बंद किए जाएंगे।
मंदिर समिति ने बताया कि तीर्थ पुरोहितों ने नवरात्र की अष्टमी पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहुर्त निकाला है। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री के कपाट बंद करने का मुहुर्त नवमी के दिन तय किया जाएगा। यह परम्परा हर साल नवरात्र के दौरान निभाई जाती है। गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मॉ गंगा की शीतकालीन पूजा मुखबा गांव स्थित गंगा मंदिर में की जाएगी। श्रद्धालु शीतकाल में वहीं दर्शन और पूजा लाभ ले सकेंगे। इसी तरह यमुनोत्री धाम की मूर्तियां भी शीतकाल के लिए खरसाली गांव लायी जाएंगी, जहां पूजा अर्चना की परम्परा निभाई जाएगी।
मालूम हो कि हर साल अक्टूबर-नवम्बर में कपाट बंद होने के बाद हिमालयी धाम बर्फवारी के कारण अगले छह माह तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहते हैं।


Leave a Comment