Report ring desk
हल्द्वानी। कोरोना ने एक हंसता खेलता परिवार उजाड़ दिया। सस्ता गल्ला विक्रेता के परिवार में दो दिन में दो सदस्यों की मौत हो गई।
कुंवरपुर निवासी लाखन सिंह धारियाल (37) की कुंवरपुर में सस्ता गल्ला की दुकान है। उनके परिवार में पिता नर सिंह (66) माता गीता देवी (58), भाई, पत्नी और दो पुत्र हैं। पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल ने बताया कि 10 दिन पूर्व परिवार के तीन लोगों को कोरोना हो गया था। तीनों निजी अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार सुबह लाखन सिंह की माता गीता देवी की मौत हो गई। शनिवार करीब 11 बजे लाखन सिंह की भी मौत हो गई।

कौन टाल सकता है होनी को
लाखन ने दो दिन पूर्व पूर्ति निरीक्षक को अस्पताल से मैसेज किया था। मैसेज में वह पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल से निवेदन कर रहे थे कि उनकी मौत के बाद सस्ता गल्ला की दुकान उसकी पत्नी के नाम करा देना। जिससे उनकी पत्नी दो बच्चों को पाल सके। पूर्ति निरीक्षक ने उन्हें दिलासा दिलाई कि ऐसा कुछ नहीं होगा, सब कुछ सही हो जाएगा मगर होनी को कौन टाल सकता है।

