देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज यानी मंगलवार से शुरू हो गई हैं। इस बार प्रदेश में 1228 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2 लाख 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षाएं दे रहे हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी हैं जो दोपहर एक बजे तक चलेंगी। 12वीं में पढऩे वाले बच्चों का आज हिंदी और कृषि हिंदी का पेपर चल रहा है। जबकि 10वीं का हिंदुस्तानी संगीत एवं टंकण की परीक्षा चल रही है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि परीक्षा को लेकर विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 1,228 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो लाख 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक अपने पास पर्स और मोबाइल नहीं रख सकेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों से हर दिन उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए 13 मुख्य और 26 उप संकलन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें हर दिन परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं जमा की जाएंगी। परीक्षाएं 16 मार्च 2024 तक आयोजित होंगी।

