अल्मोड़ा । जैंती तहसील के ज्वाड़नैणी में स्विफ्ट कार खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी अनुसार जैंती के ग्राम बक्सवाड़ निवासी 37 वर्षीय पान सिंह बिष्ट व 19 वर्षीय राहुल राय पुत्र हरीश राय और 57 वर्षीय मेहरबान सिंह करायत निवासी ग्राम सुरचौरा रविवार को स्विफ्ट कार से यहां ज्वाड़नैणी आ रहे थे। ज्वाड़नैणी पहुंचने से कुछ पहले ही कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गयी।
हादसे में वाहन सवार पान सिंह बिष्ट पुत्र स्व शिव सिंह बिष्ट निवासी बक्सवाड़ की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मेहरबान सिंह करायत ने उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वाहन में सवार 19 वर्षीय युवक राहुल राय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग और लमगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद घायलों को रेस्क्यू कर खाई से निकाला गया। वाहन कौन चला रहा था इसका अभी पता नहीं चल सका है। शवों का पंचनामा भरने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि वाहन पान सिंह बिष्ट का था, उन्होंने कुछ समय पूर्व ही अपने साले से वाहन खरीदा था। बताया कि पान सिंह खेती बाड़ी कर परिवार को भरण पोषण करते थे। मेहरबान सिंह करायत करीब एक साल पूर्व सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।


Leave a Comment